हरदा में अखिल भारतीय गडरिया महासभा का संगठन विस्तार शुरू, मुन्नालाल धनगर बने प्रदेश उपाध्यक्ष
हरदा। समाज को अलग-अलग नामों की पहचान से ऊपर उठाकर एकजुट करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय गडरिया महासभा ने हरदा में संगठन विस्तार की शुरुआत की। खेड़ीपुरा स्थित धनगर समाज धर्मशाला में आयोजित बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से समाज के प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में संगठन को मजबूत करने, समाज की एकता और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोती श्रीपाल और प्रदेश अध्यक्ष संतोष पाल की मौजूदगी में देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद संगठन विस्तार को लेकर पदाधिकारियों और समाजजनों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान मुन्नालाल धनगर को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं हरदा जिले में नई जिला स्तरीय समिति का गठन कर विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गईं।
जनप्रतिनिधियों का किया सम्मान
कार्यक्रम में उज्जैन से पहुंचे जनपद अध्यक्ष भंवर भाई चौधरी, विधायक प्रतिनिधि दीपक चौधरी और जिला पंचायत सदस्य सुरेश चौधरी का समाजजनों की ओर से सम्मान किया गया। जनप्रतिनिधियों ने समाज के लोगों से संगठन के साथ मजबूती से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की तरक्की और विकास के लिए एकता जरूरी है। संगठन को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी को एकजुट होकर कार्य करने की अपील की गई।
महिला संगठन को मजबूत करने पर जोर
राष्ट्रीय महामंत्री राजेश श्रीपाल और प्रदेश अध्यक्ष अनीता पाल ने महिला संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन में अधिक से अधिक महिलाओं को जिम्मेदारियां देकर उनकी भागीदारी बढ़ाई जानी चाहिए।
बैठक में हरदा के अलावा खरगोन, खंडवा, नर्मदापुरम, देवास, भोपाल और उज्जैन सहित अन्य जिलों से भी समाज के प्रतिनिधि पहुंचे।
अलग-अलग नामों को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास
प्रदेश प्रवक्ता प्रभुदयाल धनगर ने बताया कि समाज के लोग अलग-अलग नामों से पहचाने जाते हैं। ऐसे में सभी को एक सूत्र में जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से महासभा द्वारा विभिन्न जिलों में संगठन विस्तार का कार्य किया जा रहा है।
जिला अध्यक्ष मथुरा प्रसाद पाल ने जिला स्तरीय समिति का गठन कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। बैठक में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर खेड़ीपुरा में भव्य आयोजन और शोभायात्रा निकालने की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
— ब्यूरो, Gadariya Times

Post a Comment